15 चाणक्य कोट्स

15 चाणक्य कोट्स सिखाएंगे ज़िंदगी जीने की कला

चाणक्य का मानना था कि अगर हमें सफल होना है तो हमें किसी को भी अपने राज़ नहीं बताने चाहिए। हमें अपने मन का भेद नहीं खोलना चाहिए। हमें जो भी काम करना है, उसे अपने मन में रख कर और सही वक्त आने पर पूरी लगन के साथ पूरा करना चाहिए।

आपने इतिहास के पन्नों में चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य नीति के बारे में तो सुना ही होगा। चाणक्य राजा चंद्रगुप्त मौर्य के द्वार के मंत्री थे। चाणक्य एक महान विद्वान और चतुर बुध्दि वाले व्यक्ति थे। वो नहीं होते तो राजा चंद्रगुप्त मौर्य इतने सफल नहीं हो सकते थे, जितने वह जाने जाते हैं। चाणक्य ने अपनी नीतियों से नंदवंश को खत्म कर दिया और चंद्रगुप्त मौर्य को राजा बना दिया था। चाणक्य की रीति-नीति और धर्म से संबंधी व्याख्या इतनी गहरी और अचूक है कि हर किसी को जीवन जीने की सही राह दिखाती है। 

एक बेहतर और सफल जीवन की शुरुआत और फिर जीवनभर मिलने वाले तरक्की के रास्तों का सही ज्ञान हम चाणक्य कोट्स से सीख सकते हैं। चाणक्य का मानना था कि अगर हमें सफल होना है तो हमें किसी को भी अपने राज़ नहीं बताने चाहिए। हमें अपने मन का भेद नहीं खोलना चाहिए। हमें जो भी काम करना है, उसे अपने मन में रख कर और सही वक्त आने पर पूरी लगन के साथ पूरा करना चाहिए। जिससे कि दूसरों के सामने हमारे काम का सीधा फल आ सके। चाणक्य ने वक्त-वक्त पर ज़िंदगी के हर पहलू पर कुछ न कुछ विचार दिया ही है। जो किसी भी आम व्यक्ति के लिए सबसे ज़रूरी है। 

चलिए आइए हम सोलवेदा के साथ पढ़ते हैं चाणक्य के कुछ कोट्स (chanakya quotes in hindi) जो हमें सिखाएंगे ज़िंदगी जीने की कला।

चाणक्य के शब्दों में सफलता क्या है? (Chanakya ke shabdon mein safalata kya hai ?)

हमें शुरू से ही ये बताया गया है कि सफल होने का मतलब है, अच्छी नौकरी करना और खूब सारा पैसा कमाना। पर असल में सफलता इससे कहीं ज़्यादा है। चाणक्य कहते हैं, सफल वही व्यक्ति है जिसने अपने विचारों पर विजय पा ली है। अपनी सोच को अपने काबू में रख पाना किसी व्यक्ति को सफल बनाने में मदद करता है। 

दुनिया में बहुत से ऐसे लोग हैं जो अच्छे पैसे नहीं कमाते, पर इसका मतलब ये नहीं कि वो सफल नहीं है। दुनिया में सफल होने का असली मतलब अपने लक्ष्यों को हासिल करना है। लक्ष्य हासिल करने का मतलब है वो‌ काम करना जो अपने दिल को भाए। फिर चलिए आगे पढ़ें चाणक्य कोट्स जो आपकी ज़िंदगी को देंगे नई दिशा।

15 चाणक्य कोट्स में छिपे जीवन के रहस्य (15 Chanakya quotes mein chhipe jeevan ke rahasya) 

आचार्य चाणक्य को किसी एक विषय का नहीं, बल्कि लगभग हर विषय का ज्ञान था और इसी ज्ञान के दम पर उन्होंने एक साधारण बालक चंद्रगुप्त को मौर्य वंश का शासक बनाया। आचार्य चाणक्य की नीतियों का संग्रह ही चाणक्य कोट्स के रूप में हम सब के सामने है, जो कि आज भी लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। आइए पढ़ते हैं कुछ चाणक्य कोट्स।

जैसे ही भय निकट आए, उस पर आक्रमण करो और उसे नष्ट कर दो

आचार्य चाणक्य इस कोट्स में कहना चाहते हैं कि जब भी आपको डर लगे तो घबराएं नहीं। उस डर का सामना करें और डर को खुद से दूर करने में कामयाब हो जाएं। जिसने अपने डर पर जीत हासिल कर ली, वो दुनिया की कोई भी जंग जीत सकता है।

शक्तिशाली मन को कोई नहीं हरा सकता

इस चाणक्य कोट्स का मतलब है, जिसका मन बलवान होता है यानी जिस व्यक्ति का अपने मन और इच्छाओं पर नियंत्रण होता है, वो व्यक्ति किसी से हार नहीं सकता। मन का दृढ़ होना ज़िंदगी के हर छोटे-बड़े फैसलों पर खरा उतरने के लिए ज़रूरी है।

आलसी का कोई वर्तमान और भविष्य नहीं होता

मतलब, आलस में इंसान अपना वर्तमान तो खराब करता ही है और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। जो इंसान आलसी है वो अपना समय वर्तमान में भी बर्बाद कर रहा होता है और भविष्य में भी वो वही करेगा। जिसने वर्तमान में मेहनत नहीं की, उस आलसी इंसान का भविष्य हो ही नहीं सकता।

जो व्यक्ति अपना लक्ष्य तय नहीं कर सकता, वह जीत भी नहीं सकता।

चाणक्य के द्वारा कहे गए इस कोट का अर्थ है कि हम सभी के लिए अपने जीवन में लक्ष्य तय करना बहुत ज़रूरी है। जब हम लक्ष्य तय कर लेते हैं, तभी जीत हासिल करने के काबिल हो पाते हैं। जिसने शुरुआत ही नहीं की वो जीतेगा भला कैसे।

एक बुद्धिमान व्यक्ति के दिमाग में पैसा होना चाहिए, लेकिन उसके दिल में नहीं।

चाणक्य कोट्स के अनुसार, बुध्दिमान व्यक्ति अपनी बुद्धि के बल पर बहुत सारा पैसा कमा सकता है, पर उसके दिल में सभी के लिए प्यार और सम्मान होना चाहिए। उसमें यह कला होनी चाहिए कि वो अच्छा पैसा कमा सके। लेकिन, जहां दिल का काम हो, वहां व्यक्ति को दिल से ही काम लेना चाहिए न कि पैसे से।

फूलों की सुगंध केवल हवा की दिशा में फैलती है, लेकिन एक व्यक्ति की अच्छाई सभी दिशाओं में फैलती है।

इस कोट्स में चाणक्य का कहना है कि एक अच्छे व्यक्ति की अच्छाई की प्रशंसा, किसी सुगंधित फूल से भी ज़्यादा होती है। फूलों की महक वही तक जा सकती है, जहां और जिस ओर हवा उसे ले जाए। मगर एक व्यक्ति के अच्छे कर्मों की चर्चा गली से गांव तक और गांव से विश्व तक भी जा सकती है।

अपने व्यवहार में बहुत ईमानदार न हों क्योंकि जंगल में जाकर आप देखेंगे कि सीधे पेड़ कट जाते हैं और टेढ़े खड़े रह जाते हैं।

चाणक्य कोट्स का अर्थ है कि, हमारी ज़रूरत से ज़्यादा अच्छाई और ईमानदारी भी हमारे लिए मुश्किल खड़ी कर सकती हैं। कभी भी इतना सीधा नहीं होना चाहिए कि लोग आपका फायदा उठाना शुरू कर दें। जो लोग चालाक होते हैं उनका कोई फायदा नहीं उठा पाता, मगर सीधे लोग अक्सर मुसीबत में सबसे पहले पड़ते हैं।

यदि पैर में मणि और सिर पर दर्पण रखा जाए, तो भी मणि अपना मूल्य नहीं खोती है।

खास वस्तु की कीमत उसकी खूबी से होती है, वो जहां रखी गई है उस जगह का उसपर कोई फर्क नहीं पड़ता। सोना मिट्टी में गिरकर भी सोना ही रहता है। इसलिए ज़िंदगी में कभी आपको बुरी स्थिति का सामना करना पड़े तो ये याद रखें कि उस स्थिति के कारण आपका मूल्य कम नहीं होगा।

एक अकेला चंद्रमा अंधेरे को दूर करता है, जो कई तारे भी मिलकर नहीं कर सकते।

इस चाणक्य कोट्स में चाणक्य का कहना है कि कभी-कभी एक अकेला व्यक्ति ही बहुत कुछ ऐसा कर सकता है, जिसे बहुत सारे लोग मिलकर भी नहीं कर सकते। अगर आप अकेले हैं तभी वो सब हासिल कर सकते हैं जो शायद कई लोग मिलकर हासिल कर पाएं हों। अगर आप में काबिलियत है तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता।

सच्चा मित्र वही है जो आवश्यकता, दुर्भाग्य, अकाल, या युद्ध के समय, राजा के दरबार में, या श्मशान में हमारा साथ न छोड़े।

एक अच्छे दोस्त के गुण बताते हुए चाणक्य ने कहा है कि, दोस्त वही अच्छा है जो हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा रहे। जो दोस्त सिर्फ सुख में साथ होते हैं और दुख में गायब हो जाते हैं वो किसी काम के नहीं होते। अपने फायदे के लिए दोस्ती करने वाले लोगों से दूर रहें।

सच्चा पुत्र आज्ञाकारी होता है, सच्चा पिता प्रेम करने वाला होता है, और सच्चा मित्र ईमानदार होता है।

इस चाणक्य कोट्स में एक अच्छे बेटे, पिता और दोस्त की खूबियां बताई गई हैं। अच्छे बेटे का सबसे बड़ा गुण है कि वो बड़ों की आज्ञा का पालन करे। अच्छे पिता का गुण है कि वो सभी बच्चों को बराबर प्यार करे और एक अच्छे मित्र का सबसे बड़ा गुण है कि वो हमेशा दोस्ती में ईमानदार रहे।

अगर सांप जहरीला न भी हो तो भी उसे जहरीला होने का ढोंग करना चाहिए।

इस कोट्स का मतलब है कि, इंसान को अपनी जान बचाने के लिए अपनी बुद्धि और विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए। वक्त पड़ने पर आपका कड़ा व्यवहार आपके काम आ सकता है। 

विनम्रता आत्मसंयम का मूल है।

इस कोट का अर्थ है, हमें शांत रहने के लिए सबसे अच्छा और विनम्र व्यवहार करना चाहिए। इससे हमारे अंदर का धैर्य बढ़ता है। विनम्र रहकर न सिर्फ आप दूसरों के लिए अच्छे बनते हैं बल्कि आप खुद के अंदर भी कई गुण विकसित करते हैं।

शिक्षा सबसे अच्छी मित्र है। शिक्षित व्यक्ति का हर जगह सम्मान होता है। शिक्षा सुंदरता और यौवन को हरा देती है।

इस चाणक्य कोट्स में चाणक्य ने शिक्षा और शिक्षित होने के महत्व को बताया है। शिक्षा से बड़ी कोई चीज़ नहीं है। आपकी सारी कमियां ढंक जाएंगी, अगर आप शिक्षित हैं। शिक्षा की बदौलत आप किसी भी रेस में आगे रह सकते हैं।

मनुष्य कर्म से महान होता है, जन्म से नहीं।

चाणक्य कोट्स के अनुसार, किसी भी व्यक्ति का आचरण उसके कामों से तय होता है, अगर वो अच्छा काम करता है तो वो महान कहलाता है। किसी का जन्म कितने बड़े घर में हुआ है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है बल्कि किसी इंसान का व्यवहार की उसके महान होने का सबूत है।

आर्टिकल पर फीडबैक कमेंट में ज़रूर दें। ऐसे ही और ज्ञान से भरे आर्टिकल पढ़ने के लिए सोलवेदा हिंदी से जुड़े रहें।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।