लक्ष्यद्वीप, जहां है दिलकश जादुई समुद्री किनारा

लक्षद्वीप; जहां है दिलकश जादुई समुद्री किनारा

दूध सी सफेद रेत और नारियल के ऊंचे-ऊंचे पेड़ों से सजे हुए दिलकश जादुई समुद्री किनारे। इन समुद्री किनारों पर बहती हुई हल्की-हल्की हवा और नीले आसमान में चमकता हुआ सूरज। यह कोई परीकथा का संसार नहीं, बल्कि यह है लक्षद्वीप।

दूर-दूर तक फैले हुए नीले समुद्र के बीच बिखरे हुए मोतियों की माला जैसे 36 छोटे-बड़े द्वीपों का समूह। दूध सी सफेद रेत और नारियल के ऊंचे-ऊंचे पेड़ों से सजे हुए दिलकश जादुई समुद्री किनारे। इस समुद्री किनारों पर बहती हुई हल्की-हल्की हवा और नीले आसमान में चमकता हुआ सूरज। यह कोई परीकथा का संसार नहीं, बल्कि यह है लक्षद्वीप (Lakshadweep)। तो आपका यह लेखक यात्रा करते-करते पहुंच चुका है, लक्षद्वीप समूह। अब आप भी मेरे साथ चलिए इस नीले और दिलकश जादुई समुद्री किनारे को महसूस करने। लक्षद्वीप समूह मुख्य भारतीय जमीन से लगभग 200 किलोमीटर दूर अरब सागर में स्थित है। लक्षद्वीप समूह में ऑफिशियली 36 आइलैंड आते हैं। इनमें से सिर्फ 10 आइलैंड पर ही लोग रहते हैं, बाकि सुनसान हैं।

ये आइलैंड कोई सामान्य द्वीप नहीं हैं, ये हैं कुदरत और समुद्री जीवों की बेजोड़ लाखों साल से चली आ रही जुगलबंदी से बनी हुई कारीगरी के नायाब नमूने। ये आइलैंड भारत की प्रसिद्ध कोरल श्रृंखला बनाते हैं, इनमें से कुछ आज भी मौजूद हैं। जबकि अन्य खत्म हो चुके हैं। समुद्र के बीचों-बीच स्थित होने की वजह से ये आइलैंड काफी समय तक इंसानी दुनिया से कटा हुआ रहा है। लेकिन, आकार में छोटा होने के कारण इसपर विदेशी हमले होते रहे और यहां शासक और संस्कृति समय के साथ बदलते रहे हैं। यहां पर कभी चोल राजाओं का शासन रहा, तो कभी पुर्तगालियों ने अपना कब्जा जमाया। पुर्तगालियों को हराकर यहां टीपू सुल्तान ने शासन किया। वहीं, टीपू सुल्तान को हराकर अंग्रेजों ने यहां पर कब्जा जमाया। 1947 में स्वतंत्रता के बाद यह भारत का अभिन्न हिस्सा बन गया।

लक्षद्वीप में मूंगे के रीफ, रेतीले समुद्री तट और सुंदर प्राकृतिक संपदा देखते ही बनती है। यहां आप सी ड्राइविंग कर सकते हैं। यहां की राजधानी कवरत्ती है। कावरती समुद्री बीच, कल्पेनी समुद्री बीच, मिनीकॉय बीच, कदामत बीच, अगाती बीच और बंगाराम यहां के प्रमुख समुद्री बीच हैं, जो कि काफी खूबसूरत हैं।

कदामत आइलैंड (Kadmat Island) 

कदामत समुद्री बीच स्वीमिंग करने वालों के लिए सबसे परफैक्ट जगह है। समुद्र किनारे लगे नारियल के पेड़ यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। यहां का समुद्री तट काफी चौड़ा और लंबा है। इसकी वजह से आप यहां फ्री होकर घूम सकते हैं। यदि आप ऑफिस में छुट्टी लेकर यहां समय बताने आए हैं, तो यहां घूमना आपके लिए यादगार हो जाएगा।

बंगाराम आइलैंड (Bangaram Island)

बंगाराम आइलैंड पर एक भी लोग नहीं रहते हैं। लेकिन, यहां की खूबसूरती पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहां के कोरल अनेक समुद्री जीव के लिए सबसे पसंदीदा घर हैं। यहां पर मंता और स्टिंग रे, शार्प और हरे व कॉक बिल कच्छुए पाए जाते हैं। आप यहां पर विंड सफिर्ग, पेरा सेलिंग, स्कूबा डाइविंग, वॉटर स्काइंग, स्नोर केलिंग का आनंद ले सकते हैं और अपने सफर को सबसे यादगार यात्रा बना सकते हैं।

अगाती आइलैंड (Agatti Island)

अगाती समुद्री बीच नीले लैगून, नीला और हरा पानी, रंग-बिरंगी मछलियों, मंगू और पाम के पेड़ से सजा हुआ है। यहां आप खूले समुद्र को निहार सकते हैं, जो कि काफी खूबसूरत है। इसके अलावा आप यहां पर कई समुद्री खेल का भी आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा भी यहां काफी कुछ ऐसा है, जो आपको प्रकृति की खूबसूरती का एहसास दिलाता है।

कल्पेनी आइलैंड (Kalpeni Island)

यह समुद्री बीच प्राकृतिक सुंदरता से भरा-पूरा है। यहां की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां कोरल के टुकड़ों का भंडार है, जो यहां पहुंचने वाले लोगों का मन मोह लेता है। यहां पर क्राफ्ट से समुद्र का सैर आप कर सकते हैं। इसके अलावा यहां और समुद्री खेलों के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकते हैं।

कावरती आइलैंड (Kavaratti Island) 

कावरती लक्षद्वीप की प्रशासनिक राजधानी है। यह काफी सुंदर होने के साथ-साथ शांत इलाका है। इसके अलावा यहां धूप सेंकने के लिए लंबा समुद्री बीच है। साथ ही यहां आप स्वीमिंग और वाटर राइडिंग का भी आनंद ले सकते हैं। यहां पहुंचने वाले टूरिस्ट कांच वाले नाव में बैठकर समुद्री जीवन की खूबसूरती को निहार सकते हैं। यहां नाव किराए पर भी मिलती है, जिसमें आप अपने परिवार के साथ सैर कर सकते हैं। इसके अलावा यहां एक से बढ़कर एक रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट हैं, जहां आपको हरेक सुख-सुविधा मिल जाएंगी।

एंड्रोट आइलैंड (Andrott Island) 

यह आइलैंड लक्षद्वीप का सबसे बड़ा द्वीप है। यहां काफी संख्या में नारियल के पेड़ आपको देखने को मिल जाएंगे। इसके अलावा लक्षद्वीप की ज्यादातर जनसंख्या यहां रहती है। यहां पर फिशिंग उद्योग काफी विकसित है। इसके अलावा भी घूमने के लिए काफी कुछ है, जिसका पर्यटक लुत्फ उठा सकते हैं।

अमीनी आइलैंड (Amini Island)

यह एक खूबसूरत आइलैंड है, लेकिन यहां की खासियत यहां का लोकसंगीत और लोकनृत्य है। इसके अलावा यहां पर कोरल और रेत वाले पत्थरों की कलाकृतियां देखने को मिल जाएंगी। जो कि पूरे विश्व में काफी प्रसिद्ध है। इसके अलावा भी लक्षद्वीप समूह में और भी आइलैंड हैं, जिनकी अपनी-अपनी खासियत है। जैसे बित्रा लक्षद्वीप समूह का सबसे छोटा आइलैंड है। वहीं, चेतलाट आइलैंड घूमना है, तो यहां आप गर्मी के मौसम में ही जाएं। मिनीकॉय आइलैंड का बीच आधा चांद की तरह है, जो कि काफी आकर्षक है।

भारत में एक से बढ़कर एक टूरिस्ट प्लेस है। कहीं जाने पर आपको इतिहास का झलक दिख जाएगा, तो कहीं जाने पर आपको प्राकृतिक सुंदरता को देखने का मौका मिलेगा। वहीं, कहीं पर आपको भारतीय संस्कृति को समझने का मौका मिलेगा। लेकिन लक्षद्वीप इन सबसे अलग है, यहां आपको एक साथ कई संस्कृतियों का संगम दिख जाएगा। साथ ही यहां आपको प्राकृतिक सुंदरता को महसूस करने का मौका मिलेगा। तो हमारी लक्षद्वीप की यात्रा यहीं समाप्त होती है। हमारे साथ और भी सफर पर चलने के लिए सोलवेदा पढ़ते रहें।

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।