10 विश्वास कोट्स

10 विश्वास कोट्स की मदद से करें खुद पर थोड़ा ज़्यादा यकीन

जीवन में क‌ई बार हमें खुद पर विश्वास करने की ज़रूरत पड़ती है। खुद को खुद पर यकीन दिलाना पड़ता है कि मैं कर सकती हूं। हिम्मत का हाथ थामना पड़ता है और यही तो आगे बढ़ने का तरीका होता है।

नाज़ुक सी चींटी जो हमारे हाथ लगाने भर से अपनी जान गंवा देती है, वो अपने वजन से पांच गुना भारी दाना उठा कर ले जा सकती है। जानते हैं कैसे? क्योंकि उसको खुद पर यकीन होता है कि वो इस दाने का भार उठा सकती है।

ऐसा ही विश्वास सर्कस में रस्सी पर चलने वाली बच्ची को खुद पर होता है कि वो इस रस्सी को पार कर लेगी। वो अपने आत्मविश्वास के साथ एक-एक कदम आगे बढ़ाती हुई रस्सी पार कर लेती है।

यही विश्वास मुझे खुद पर था जब मेरे हाथ में पहली बार स्कूटी का हैंडल आया था। मुझे खुद पर यकीन था कि थोड़ी-सी कोशिशों के बाद मैं बिना गिरे स्कूटी संभाल लूंगी, और ऐसा ही हुआ। कुछ ही दिनों में मैं स्कूटी को हवा में उड़ानें लगी।

जीवन में क‌ई बार हमें खुद पर विश्वास करने की ज़रूरत पड़ती है। खुद को खुद पर यकीन दिलाना पड़ता है कि मैं कर सकती हूं। हिम्मत का हाथ थामना पड़ता है और यही तो आगे बढ़ने का तरीका होता है।

जहां दुनिया को लगता है कि हम कुछ नहीं कर सकते वहीं अगर हमें खुद पर विश्वास हो कि मैं कर सकता हूं/ सकती हूं, तो कुछ भी नामुमकिन नहीं होता।

विश्वास क्या होता है? (Vishwas kya hota hai?)

विश्वास एक आशा की किरण है। जो हमें किसी भी चीज़ में आगे बढ़ने की हिम्मत देती है। संसार में हर कोई चाहता है की हर इंसान उस पर विश्वास करे, पर वो खुद पर विश्वास करने में पीछे रह जाता है। खुद पर विश्वास हमें हर तूफान में खड़े रहने का हौसला देता है। बड़ी से बड़ी मुश्किलों में भी हार न मानने की शक्ति देता है। विश्वास, दिमाग में स्वीकारी गई एक मान्यता है। विश्वास किसी भी इंसान या स्थिति को सच मान लेने की सद्बुद्धि देता है। विश्वास हर जीव के जीवन का ज़रूरी हिस्सा है।

खुद पर विश्वास क्यों है ज़रूरी? (Khud par vishwas karna kyon hai zaruri?)

कहते हैं, हार मान लेना और हार जाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। हार जाना खेलने के परिणाम को दिखाता है और हार मान लेना खेलने से पहले ही खुद को कमजोर मान कर फैसला सुना देना है। लेकिन, हम बिना खेले या लड़े खुद को हारा हुआ कैसे मान सकते हैं? ये तो कमजोरी की निशानी है। ऐसा तब होता है जब हममें आत्मविश्वास की कमी होती है।

आत्मविश्वास यानी खुद पर विश्वास। खुद पर विश्वास हमें बड़ी से बड़ी जंग जीतने की ताकत देता है। आत्मविश्वास हमें काबिल बनाता है, और खुद से प्यार करना सिखाता है। ईश्वर की सबसे बड़ी देन है आत्मविश्वास। इसलिए खुद पर भरोसा कीजिए और जिंदगी को नये सांचे में ढाल लीजिए। हम खुद पर विश्वास कैसे कर सकते हैं? ये जानने के लिए आगे पढ़िए कुछ कोट्स जो आपके लिए बहुत फायदेमंद हैं। नीचे लिखे गए कोट्स आपको खुद पर यकीन करने में मदद करेंगे।

खुद पर भरोसा करने के लिए 10 विश्वास कोट्स (Khud par bharosa karne ke liye 10 vishwas quotes)

खुद पर यकीन हो तो अंधेरे में भी रास्ते मिल जाते हैं।

बात है सिर्फ सिर्फ खुद पर विश्वास करने की, उसके बाद चाहे ज़िंदगी में कितना ज़्यादा अंधेरा क्यों न हो, आप रौशनी ढूंढ ही लेंगे। अंधेरा चाहे कितना ही घना हो, आपके विश्वास से रौशनी ज़रूर आएगी और आपको सही रास्ता ज़रूर मिलेगा।

दुनिया की बातों पर नहीं, खुद पर यकीन रखिए।

दुनिया का काम है आपके काम में टांग अड़ाना, आपका बुरा सोचना और आपको बिना मतलब के सलाह देना। लेकिन, दुनिया की सुनने की आपको बिल्कुल भी ज़रूरत नहीं है। अगर आप चाहते हैं कि आप ज़िंदगी में तरक्की करें तो खुद पर यकीन करना सीख जाएं।

आत्मविश्वास एक ऐसा गुण है, जिससे हमारे सारे अवगुण संवर जाते हैं।

किसी में चाहे लाख कमियां हों, लेकिन अगर उसे खुद पर भरोसा है तो वो दुनिया की कोई भी जंग जीत सकता है। जब आप में आत्मविश्वास भरा होता है तो वह आपकी बातों में, आपके हाव-भाव में और यहां तक कि आपकी चाल में भी झलकता है। आत्मविश्वास बड़ी आसानी से आपकी कमियों को ढंक सकता है और कई बार आपकी कमियों को खूबियों के रूप में दिखा सकता है।

मन में आत्मविश्वास ले आने से ज़िंदगी की नई शुरुआत हो जाती है।

आप हारा हुआ महसूस कर रहें हों या फिर लग रहा हो कि ज़िंदगी बेहतर नहीं हो सकती। उस वक्त बस अपने मन में आत्मविश्वास का दीपक जलाएं। ये दीपक आपको ज़िंदगी की एक नई शुरुआत करने की हिम्मत देगा।

रख खुद पर यकीन, अपने इरादों को इतना मजबूत कर कि तेरे आगे झुके आसमां।

इरादा पक्का हो तो पत्थर भी मोम बन जाए। कुछ भी अगर आप पा लेने की चाहत रखते हैं तो इसके लिए अपने इरादे मजबूत कर लें। आपके मजबूत इरादें बड़े से बड़े तूफानों को पार करने में आपकी मदद करेंगे।

तुम जैसा खुद के बारे में विश्वास रखते हो, वैसे ही बन जाते हो।

अगर आपको लगता है कि आप क्लास में पास कर सकते हैं तो आप पास करेंगे और अगर आपको लगता है कि आप टॉप करेंगे तो आपका ये आत्मविश्वास आपको क्लास टॉपर भी बना सकता है।

खुद पर विश्वास करो, और खुद को खुद से बेहतर बनाओ।

तुलना करनी है तो खुद से करिए, खुद पर यकीन रखकर खुद से बेहतर बनिए। जो इंसान दूसरों की परवाह किये बगैर खुद को बेहतर बनाने के बारे में सोचता है तो निश्चित तौर पर आगे जाता है।

विश्वास हर काम को आसान बना देता है।

बड़े से बड़ा काम, बड़ी से बड़ी मुश्किल आसान हो जाती है, अगर मन में विश्वास हो तो। अपने अंदर विश्वास की एक ज्योति जलाकर आप सात समंदर भी पार कर सकते हैं।

अपनी हदों से बाहर निकलना है तो खुद पर विश्वास मजबूत कर लो।

अगर आपने अपने लिए एक दायरा निश्चित कर लिया है तो सबसे पहले उससे बाहर निकलिए। ऐसा करना तभी संभव है जब आप खुद पर यकीन करना सीख जाओ। खुद पर भरोसा आपको अपनी हदों से कहीं आगे तक ले जा सकता है।

आत्मविश्वास एक जादू की तरह हमारी ज़िंदगी बदल देता है।

असल ज़िंदगी में कोई जादू की छड़ी नहीं होती मगर, हमारे अंदर का आत्मविश्वास ही हमारे लिए जादू की छड़ी बन सकता है। इस छड़ी को घुमाकर आप अपना हर सपना पूरा कर सकते हैं।

हम उम्मीद करते हैं ऊपर दिए गए कोट्स आपको खुद पर यकीन करने में मदद करेंगे। ऐसे ही आर्टिकल के लिए पढ़ते रहें सोलवेद हिंदी।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।