केरल के मुन्नार में हैं 8 दर्शनीय स्थल: जानें उनसे जुड़ी जानकारियां

केरल के मुन्नार में हैं 8 दर्शनीय स्थल: जानें उनसे जुड़ी जानकारियां

बादलों को चीरकर आसमां को छूते पहाड़, चारों ओर हरियाली, मदमस्त बहती ठंडी हवाएं, बेहतरीन मौसम क्या कुछ नहीं है मुन्नार में। मुन्नार के दर्शनीय स्थल हर साल कई पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। इनमें से एक मैं भी थी।

केरल को ‘भगवान का अपना देश’ कहा जाता है। यहां बसे हर शहर में इतनी हरियाली है कि इंसान एक बार को अपना घर छोड़कर, यहां बसने के बारे में जरूर सोचेगा। बादलों को चीरकर आसमां को छूते पहाड़, चारों ओर हरियाली, मदमस्त बहती ठंडी हवाएं, बेहतरीन मौसम क्या कुछ नहीं है… मुन्नार में।

मुन्नार के दर्शनीय स्थल हर साल कई पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। इनमें से एक मैं भी थी। बैंगलोर में रहने के बावजूद मुन्नार के बारे में इतना सुना था, कि ये जगह मेरी विशलिस्ट में पहले से थी। वायनाड में घूमने के बाद, मैं मुन्नार की ओर चल पड़ी। यूं तो जून के महीने को गर्मी का महीना कहा जाता है, लेकिन मैं लकी रही कि मुन्नार के 3 दिन ट्रिप में, मुझे दो दिन बारिश देखने को मिली।

हरे पेड़-पौधों पर जब बारिश सरसराते हुए गिरती है, तो पूरे वातावरण की रौनक दोगुनी हो जाती है। मौसम का जादू आपके दिल पर चलने लगता है। मुन्नार में अपनी छुट्टी को आराम से होटल में रहकर, खिड़की से बाहर बारिश को देखते हुए बिताया जा सकता है। अगर ये पसंद न आए तो, यहां की वादियों में घूमकर भी बिताया जा सकता है। मैंने घूमना चुना क्योंकि हवा जब तक चेहरे को छूए नहीं, पक्षियों की आवाज़ जब तक सामने से सुनाई न दे और मदहोश कर देने वाले नज़ारे जब तक आंखो में उतर न जाएं, किसी शहर को याद नहीं रखा जा सकता है।

आइए आपको भी ले चलती हूं, मुन्नार की वादियों में, जहां अगर आप एक बार गए तो खुद को वहीं भूल जाने का मन करेगा।

मुन्नार केरल में घूमें इन 8 दर्शनीय स्थल पर:

चाय का खास म्यूज़ियम

हर शहर अपने एक खास स्वाद के लिए जाना जाता है। मुन्नार आपको चाय का चस्का लगा देता है। यहां बड़े पैमाने पर चाय की खेती है। मुन्नार में घूमने की जगह में ये सबसे आकर्षक जगहों में से एक मानी जाती है। टाटा टी म्यूज़ियम पहुंचकर मैंने भी यहां के चाय का स्वाद चखा, यकीन करें इसका ज़ायका आप आसानी से नहीं भूल पाएंगे। इसकी खुशबू मुझे कुछ इस तरह याद है, जैसे मुन्नार में बहती ठंडी हवा में बारिश की खुशबू।

ब्लॉसम पार्क है बेहद खूबसूरत

एक ही जगह पर अगर बेहद खूबसूरत फूल, ठंडी हवा, बादलों की चादर ओढ़े आसमां, स्केटिंग, साइक्लिंग.. सब हो, तो फिर क्या कहना। आप चाहे तो मुन्नार के ब्लॉसम पार्क में आराम से फूलों को देखते हुए घूम सकते हैं, आग जलाकर आराम से गाने का लुत्फ उठा सकते हैं या फिर स्केटिंग, साइक्लिंग आदि भी कर सकते हैं। यहां हर चीज का विकल्प है। मुझे हल्की धुन में म्यूज़िक और खूबसूरत जगह को निहाराना बहुत पसंद है, मैंने वही किया। इससे मन खुद को रिस्टार्ट कर लेता है।

कोलुक्कुमलाई टी एस्टेट में लें चाय का टेस्ट

अगर आप चाय के शौकीन हैं तो आपको कोलुक्कुमलाई टी एस्टेट जरूर विज़िट करना चाहिए। यहां आप एक बेहद अद्भुत प्राकर्तिक नज़ारे को भी देख सकते हैं या फिर अलग-अलग फ्लेवर वाली चाय को टेस्ट भी कर सकते हैं। मुझे तो चाय के साथ-साथ, प्राकृतिक खूबसूरती भी उतनी ही पसंद है, तो मैंने तो इस जगह पर खूब इन्जॉय किया। अगर आप भी आएं तो यहां से सनसेट देखना न भूलें। हरे रंग के बीच डूबता हुआ पीला सूरज, मां की गोद में छिपते हुए किसी बच्चे जैसा लगता है।

पोथामेडु व्यू पॉइंट पर ठहर जाएंगी नजरें

मुन्नार की ये जगह दालचीनी, चाय आदि की खेती से ढंकी होने के कारण, पूरी तरह से हरे रंग की नज़र आती है। अगर आपको हाइकिंग पसंद है तो ये केरल मुन्नार में आपके लिए बेस्ट जगह हो सकती है। हाइकिंग के बाद आप अपनी नज़रें खूबसूरत नज़ारों पर टिकाकर सनसेट देख सकते हैं। इस नज़ारे ने मेरे मन की हर हलचल को शांत कर दिया था।

कुंडला लेक में करें बोट राइड

सुबह के वक्त जब सूरज की किरणें लेक पर गिरती हैं तो लगता है, जैसे दिन में सितारे इसी लेक में चमक रहें हों। सनराइज के वक्त इस जगह पर जाना ऐसा है, मानो अपनी आंखो को कोई तोहफा देना। यहां आकर कश्मीरी-शिकारा बोट राइड लेना न भूलें।

फोटो पॉइंट पर कैद करें मुन्नार की यादें

अगर आपको भी मेरी तरह तस्वीरें लेना पसंद है तो आपको फोटो पॉइंट विज़िट करना चाहिए। यहां इतनी खूबसूरती है कि आपको लगेगा जैसे आप कोई फिल्म देख रहें हैं। चारों तरफ हरियाली, लेक और खुला आसमां इस जगह को और भी खूबसूरत बना देता है।

एराविकुलम राष्ट्रीय उद्यान में देखें अलग-अलग पशु-पक्षी

हर शहर में राष्ट्रीय उद्यान होता है, जहां उस जगह के खास पशु-पक्षी देखने को मिलते हैं। मुन्नार आने पर यहां एक दिन जरूर विज़िट करें। उद्यान आपको ऐसा महसूस कराएगा जैसे आप प्रकृति की गोद में खेल रहें हों।

लॉकहार्ट गैप में करें ट्रेकिंग

अगर आप ट्रेकिंग के शौकीन हैं तो आपको लॉकहार्ट गैप जरूर विज़िट करना चाहिए। यह जगह इतनी खूबसूरत है कि ट्रेकिंग के दौरान भी बार-बार आपकी नज़रें यहां के नज़ारों पर चली जाएंगी।

इन जगहों के अलावा भी मुन्नार में देखने के लिए काफी कुछ है। अगर आपके पास एक्स्ट्रा टाइम है तो आप और भी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां हर कदम आपको एक ताजगी, सुकून और शांति का एहसास कराएगी।

आज आपने मेरे साथ की मुन्नार केरल की ट्रिप। ऐसे ही ट्रिप पर मेरे साथ चलने के लिए पढ़ते रहें सोलवेदा हिंदी।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।