नेपाली हिन्दू धर्म

नेपाली हिंदू धर्म

नेपाल में देवी की परंपराएं बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। दशहरा सबसे लोकप्रिय त्यौहार है, जिसमें युवतियों को देवी का रूप मानकर, देवी जैसे कपड़े पहनाकर पूजा जाता है।

भारत और नेपाल के हिंदू धर्मों में मुख्यतः तीन अंतर हैं – पहला कि नेपाल के लोग हिंदू और बौद्ध धर्मों में कोई भेद नहीं करते; दूसरा कि नेपाल में इस्लाम का कोई प्रभाव नहीं मिलता और तीसरा कि यहां लोगों में भक्ति की बहुत चर्चा होने के बावजूद भक्ति परंपराओं का कोई असर नहीं है।

इस प्रकार, हिंदू धर्म का यह विशिष्ट रूप संभवतः भारत में एक सहस्त्राब्दी पहले पनपा, जब हिंदू और बौद्ध धर्मों में कोई अंतर नहीं था, इस्लाम प्रभावशाली नहीं था और भगवान से जुड़ी भावुकता और वैयक्तिकीकरण, जो भक्ति परंपरा की विशेषता है, व्यापक नहीं हुए थे।

काठमांडू में अजति अजिमा अर्थात स्वयंभू पितामही अर्थात आदिम मातृ देवी के मंदिर सभी जगह हैं। स्पष्टतया, नेपाल में देवी की परंपराएं बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। दशहरा सबसे लोकप्रिय त्यौहार है, जिसमें युवतियों को देवी का रूप मानकर, देवी जैसे कपड़े पहनाकर पूजा जाता है।

नेपाल के कुछ महत्त्वपूर्ण वर्गों में जीवित देवी की परंपराएं प्रचलित हैं। इनमें कुंवारी लड़की को पूजा जाता है और उसके आशीर्वाद से राजाओं को वैधता मिलती है। कुंवारी देवी को राजपद के लिए उत्तरदायी बनाना भारत में भी पाया जाता है, जहां हर राजा किसी देवी से जुड़ा होता है।

उदाहरणार्थ, शिवाजी तुळजा भवानी से और विजयनगर के राजा कनकदुर्गा से जुड़ें हैं। तलेजू नेपाल की सबसे लोकप्रिय स्थानीय देवी हैं। कहते हैं कि प्राचीन काल में एक नेपाली राजा ने उनके साथ पांसे का खेल खेला। लेकिन इस खेल के दौरान राजा ने गलत नजरों से देवी को देख लिया। इससे देवी क्रोधित हो गईं। तब राजा ने भैंसों और सांडों की बलि चढ़ाकर देवी को शांत किया, क्योंकि ये पशु उस वासना की अभिव्यक्ति थे।

पशुपतिनाथ मंदिर में शिव की अहम भूमिका है। कहते हैं कि वेदांत को शिव से जोड़ने वाले काश्मीर शैववाद ने इस मंदिर में रूप लिया। लेकिन नेपाल में शैववाद का तांत्रिक रूप, जिसमें शिव भैरव से जुड़ें हैं, कहीं अधिक लोकप्रिय है। नेपाल में बौद्ध धर्म का तांत्रिक रूप भी है। झील पर नाग की कुंडलियों पर शयन करते हुए विष्णु की छवि को बुढानीलकंठ माना गया है। इस प्रकार, उसमें शैववाद, वैष्णववाद और बौद्ध धर्म का मिलन है।

तांत्रिक धर्म नेपाल में पनपता है। इसका प्रमाण हमें लाल रंग के साथ लगाव और रक्तबलि के साथ अति सहजता में मिलता है। वज्रयान बौद्ध धर्म में हेरुक और वज्रयोगिनी की छवियां हैं। वह शिव-शक्ति से जुड़ी हिंदू धर्म की तांत्रिक परंपरा से अधिक संरेखित हैं। लेकिन, नेपाल में राम और कृष्ण से जुड़ी भक्ति परंपरा के कोई निशान नहीं हैं। हालांकि वहां उनके मंदिर पाए जाते हैं, किंतु उनसे संबंधित भावनाएं आत्मीय और वैयक्तिक नहीं हैं और प्रेममय तो बिल्कुल भी नहीं हैं।

पिछली कुछ सदियों में गोरखनाथ नामक ब्रह्मचारी सिद्ध योगी के अनुयायियों अर्थात गोरखाओं का नेपाल में वर्चस्व रहा है। कहते हैं कि एक बार गोरखनाथ ने वहां के राजा से थोड़ा दूध मांगा। दूध पीने के बाद उन्होंने उसे राजा के हाथ पर थूका। चिढ़कर राजा ने हाथ पीछे हटाया और दूध उसके पैरों पर गिरा। गोरखनाथ ने समझाया कि दूध उसे ज्ञान देने के लिए था, जिससे वह सभी इंद्रियों का स्वामी बन सकता था। लेकिन चूँकि दूध उसके पैरों पर गिरा था, राजा केवल भूमि का स्वामी बन सकता था। इस प्रकार वह महान स्थानीय राजा बन गया।

गोरखपंती परंपराएं ब्रह्मचर्य की स्वीकृति और देवी और स्त्रीत्व की अस्वीकृति पर केंद्रित हैं। लेकिन जैसे राजा ने नेपाल की भूमि पर विजय प्राप्त की, जहां देवी की महत्त्वपूर्ण भूमिका थी, वह भी देवी की शक्ति के सामने झुक गया।

चूँकि धरती देवी से जुड़ी है, हिंदू धर्म का सबसे प्राचीन रूप देवी से संबंधित है। धरती का एक भाग एक पुरुष के नियंत्रण में होता था, जो राजा अर्थात क्षेत्र नारायण था। देवी धरती की देवी थी: पुरुष को संतान और भोजन देने वाली पत्नी, जिनके बदले में पुरुष उन्हें सुरक्षित रखता था। धरती और उसके रक्षक के बीच यह संबंध देवी और राजा के माध्यम से दिखाया जाता है।

भक्ति परंपरा में प्रेम की अहम भूमिका है। बालक या प्रेमी माने जाने वाले भगवान के साथ भावनात्मक संबंध को मधुर-रस और श्रृंगार-रस से दिखाया जाता है। लेकिन नेपाल में वीर रस का वर्चस्व है, जो और सामंतवादी और लड़ाकू संस्कृतियों का संकेतक है।

देवदत्त पटनायक पेशे से एक डॉक्टर, लीडरशिप कंसल्टेंट, मायथोलॉजिस्ट, राइटर और कम्युनिकेटर हैं। उन्होंने मिथक, धर्म, पौराणिक कथाओं और प्रबंधन के क्षेत्र मे काफी काम किया है।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।

A Soulful Shift

Your Soulveda favorites have found a new home!

Get 5% off on your first wellness purchase!

Use code: S5AVE

Visit Cycle.in

×