आगरा का ताज महोत्सव कब है और क्या है इसकी खासियत?

ताज महोत्सव में मिनी भारत का नहीं बल्कि मिनी विश्व का रूप एक साथ दिखता है। आगरा में होने वाले इस महोत्सव को देखने के दीवाने जितने भारत के लोग हैं, उतने ही विदेशी भी हैं।

आगरा शहर में है मोहब्बत की बेहतरीन निशानी ताजमहल। इसी शहर में लगभग 25 साल से हर साल ताज महोत्सव का आयोजन होता है। इस महोत्सव में मिनी भारत का नहीं बल्कि मिनी विश्व का रूप एक साथ दिखता है। आगरा में होने वाले इस महोत्सव को देखने के दीवाने जितने भारत के लोग हैं, उतने ही विदेशी भी हैं। हर साल यह महोत्सव अपने रंग में सभी को रंग देता है।

ताज महोत्सव 10 दिनों तक चलता है। इसमें उत्तर प्रदेश के स्थानीय कलाकार, यहां के लोकल खान-पान, फोक डांस, हस्तशिल्प और म्यूजिक को प्रोमोट किया जाता है। वहीं, इसमें शामिल होने के लिए देश-विदेश से भी सैकड़ों कलाकार पहुंचते हैं और इस महोत्सव में प्रस्तुति देते हैं। आगरा में ताज महोत्सव सबसे पहले 1992 में मुगल बादशाह शाहजहां और बेगम मुमताज के प्रेम को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया था।

तो चलिए सोलवेदा हिंदी के इस आर्टिकल में हम आपको बताते हैं कि ताज महोत्सव इस साल कब है और इसकी क्या खासियत है। साथ ही हम आपको ताज महोत्सव से जुड़ी और जानकारी भी देंगे।

आगरा में ताज महोत्सव का आयोजन कब होगा? (Agra mein Taj Mahotsav ka aayojan kab hoga?)

ताज महोत्सव का आयोजन हर साल दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल के पास ही शिल्पग्राम में किया जाता है। आयोजन उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग की ओर से किया जाता है। 2024 में महोत्सव का आयोजन 18 फरवरी से 27 फरवरी तक किया जायेगा। महोत्सव के दौरान मुगल स्टाइल में जुलूस निकाला जाता है।

ताज महोत्सव की खासियत (Taj Mahotsav ki khasiyat)

ताज महोत्सव में भारत की संस्कृति अलग-अलग रूप में दिखती है। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों की कारीगरी देखने को मिलती है। इसमें फिरोजाबाद के कांच से लेकर खुर्जा के मिट्टी के बर्तन, तो आगरा के जरदोजी और संगमरमर का काम दिखता है। वहीं, लखनऊ के मशहूर चिकनकारी का काम भी यहां दिखता है। इसके अलावा इसमें देश-विदेश के कलाकार भी परफॉर्मेंस देते हैं। लोक नृत्य और वेस्टर्न म्यूजिक का आनंद भी आप इस महोत्सव में ले सकते हैं।

ताज महोत्सव में आप तरह-तरह के जायके का भी स्वाद ले सकते हैं। यहां आपको यूपी, पंजाब, बिहार, केरल, ओडिशा के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों के स्पेशल डिश खाने को मिल जाएंगे। इसके अलावा यहां अगर आप अपने परिवार के साथ पहुंचते हैं, तो काफी एंज्वॉय कर सकते हैं। यहां बच्चों के लिए भी कई तरह की एक्टिविटी की व्यवस्था होती है।

ताज महोत्सव के साथ इन जगहों को भी कर सकते हैं एक्सप्लोर (Taj Mahotsav ke sath in jaghon ko bhi kar sakte hai Explore)

यूं तो ताजनगरी आगरा जाना सबकी ख्वाइश होती है। सभी चाहते हैं कि जीवन में वो एक न एक बार प्रेम की निशानी ताजमहल को ज़रूर देखें। हालांकि, इसके अलावा भी आगरा में काफी ऐसी जगह है, जहां आप जा सकते हैं और ट्रिप को और भी रोमांचक बना सकते हैं। आप रामबाग जा सकते हैं, जो सबसे पुराना मुगल गार्डेन है। इसे मुगल बादशाह बाबर ने 1528 ई में बनवाया था। इसके अलावा आप आगरा किला भी जा सकते हैं। यहां अकबर ने अपनी राजधानी बनाई थी। यहां देखने के लिए काफी कुछ है। साथ ही यहां हर शाम लाइट शो का आयोजन भी होता है।

ताज महोत्सव के दौरान आप सिकंदरा भी जा सकते हैं। सिकंदरा में ही अकबर का मकबरा है। अकबर ने ज़िंदा रहते ही इस मकबरे को बनवाने के लिए कह दिया था, लेकिन इसे उनके बेटे जहांगीर ने पूरा करवाया था। इसके अलावा आप जामा मस्जिद घूम सकते हैं, जो लाल पत्थर से बनी हुई है। यमुना नदी के किनारे बने एत्माद उद दौला भी आप देख सकते हैं। इसे नूरजहां ने बनवाया था। इसे मिर्जा ज्ञास बेग की याद में बनवाया गया था। इसके अलावा भी आगरा और इसके आस-पास एक्सप्लोर करने के लिए काफी जगहें हैं, जैसे अकबरी चर्च, मेहताब बाग, दयाल बाग, चीनी का रौजा, फतेहपुर सीकरी आदि।

सोलवेदा हिंदी के इस आर्टिकल में हमने ताज महोत्सव के बारे में बताया। यह आर्टिकल पढ़कर आपको कैसा लगा हमें कमेंट में ज़रूर बताएं। साथ ही इसी तरह के ज्ञानवर्द्धक जानकारी के लिए पढ़ते रहें सोलवेदा हिंदी।

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।