तुलसी पर कुछ बातें

तुलसी विरह भक्ति का मूर्त रूप हैं। वे उन सभी मनुष्यों के प्रति सहानुभूति दिखाती हैं जिन्हें अपने सांसारिक उत्तरदायित्व पूरे करने होते हैं लेकिन जो उन्हें त्यागकर दैवत्व को समर्पित होना चाहते हैं।

तुलसी विवाह के दिन तुलसी के पौधे का शालिग्राम के साथ प्रतीकात्मक विवाह किया जाता है। तुलसी को लक्ष्मी का जबकि शालिग्राम को विष्णु का प्रतीक माना जाता है। हिंदुओं के लिए तुलसी विवाह चातुर्मास का अंत चिन्हित करता है और इस दिन के बाद विवाह के मुहूर्त शुरू हो जाते हैं। यह विवाह प्रबोधिनी एकादशी, जिस दिन विष्णु की चातुर्मास के बाद नींद खुलती है और कार्तिक पूर्णिमा के बीच होता है। आइए, आज हम विष्णु और तुलसी के बीच के संबंध पर बात करते हैं।

एक बार शंखचूड़ नामक असुर देवताओं को आतंकित कर रहा था। एक जादुई कवच उसे सुरक्षित रख रहा था जिस कारण देवताओं के शस्त्रों का उसपर कोई असर नहीं हो रहा था। ब्रह्मा ने देवताओं से कहा, “जब तक शंखचूड़ की पत्नी, वृंदा, उसके प्रति निष्ठावान रहेगी, तब तक यह कवच शंखचूड़ को सुरक्षित रखेगा।”

किसी पतिव्रता स्त्री को जानबूझकर अपने पति के प्रति धोखा देने वाली बनाना एक पाप था। लेकिन, किसी असुर को जीवित रखना भी ख़तरनाक था। इंद्रदेव असमंजस में थे। इसलिए वे कृष्ण से मदद मांगने गए। कृष्ण ने उन्हें मदद करने का वचन दिया।

वृंदा भगवान की बहुत बड़ी भक्त थी। एक दिन, उसने भगवान से मिलने की इच्छा व्यक्त की। कृष्ण, जो भगवान के अवतार हैं, तुरंत वृंदा के सामने प्रकट हुए। लेकिन वे कृष्ण के रूप में प्रकट नहीं हुए। चूँकि भगवान कोई भी रूप ले सकते हैं, कृष्ण ने शंखचूड़ का रूप लिया। वृंदा ने कृष्ण को अपना पति मानकर उनका वैसे स्वागत किया जैसे एक पत्नी अपने पति का करती है। वृंदा पतिव्रता नहीं रही और उसकी पतिव्रता की जादुई शक्ति उसके पति के कवच से चली गई। देवताओं ने शीघ्र ही शंखचूड़ को मार डाला।

सभी असुरों ने वृंदा पर विश्वासघात का आरोप लगाया। उन्हें लगा कि शंखचूड़ के मारे जाने का वह एकमात्र कारण थी। लेकिन वृंदा अपनी निष्ठा के बारे में अड़ी रही। वह अपने पति के अलावा किसी और पुरुष के साथ नहीं रही थी। लेकिन असुरों ने उसपर विश्वास नहीं किया और उसे घर से बाहर निकाल दिया। वह बेघर भटकती रही और अंत में द्वारका पहुंच गई। उसने सुना था कि कृष्ण धरती पर भगवान का रूप थे। उसने उनके घर में आश्रय लेने का निर्णय लिया। लेकिन कृष्ण की पत्नियों ने उसे अंदर आने नहीं दिया।

वृंदा ने आंगन में खड़ी होकर कहा, “कृष्ण, बाहर आकर आपकी पत्नियों सहित विश्व को बताएं कि मैं केवल आपकी भक्त हूं, शुद्ध और पतिव्रता और केवल अपने पति के प्रति निष्ठावान हूं।” लेकिन कृष्ण वैसा नहीं कह सकते थे। वृंदा कृष्ण के आंगन में रुकी रही ताकि वे बाहर आकर उसे बचा सकें, लेकिन वे नहीं आएं।

कृष्ण की पत्नियों को लगा कि वृंदा कृष्ण की पत्नी बनना चाहती थी और इसलिए उन्हें उससे ईर्ष्या हुई। वृंदा ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह बस एक भक्त थी। लेकिन कृष्ण तब भी उससे मिलने बाहर नहीं आए। तंग आकर उसने कहा, “कृष्ण, क्या आप एक पत्थर हों, जो बाहर नहीं आ सकते? आप पत्थर के रूप में पूजे जाओगे।” फिर वह तुलसी का पौधा बन गई और घर के आंगन में बढ़ने लगी।

कृष्ण ने कहा, “मैं वृंदा के दुःख का कारण था। मैं उसे बचाने नहीं आ पाया। मैंने उसे निराश किया। मैं एक पत्थर जैसे था। इसलिए, अब से मुझे शालिग्राम नामक पत्थर के रूप में पूजा जाएगा। मेरे सम्मान में अर्पित की गई पूजा मैं तब तक नहीं स्वीकारूंगा जब तक उसके साथ तुलसी का पत्ता मुझे अर्पण नहीं किया जाता। इस प्रकार जिस विश्व ने वृंदा को नकारा वही विश्व वृंदा को मेरे पास लाएगा। वह प्रेम, भक्ति और निष्ठा का सार्वभौमिक प्रतीक बनेगी।”

तुलसी या वृंदा की इस विवादास्पद कहानी से पतिव्रता होने में कठिनाइयों को स्वीकारा जाता है, जिस पतिव्रता पर गृहस्थी आधारित है। भारतभर की महिलाएं, विशेषतः वैष्णव महिलाएं, सदियों से आंगन की इस देवी को पूजती आईं हैं। कभी-कभार तुलसी को राधा के साथ जोड़ा गया है। तुलसी विरह भक्ति का मूर्त रूप हैं। वे उन सभी मनुष्यों के प्रति सहानुभूति दिखाती हैं जिन्हें अपने सांसारिक उत्तरदायित्व पूरे करने होते हैं लेकिन जो उन्हें त्यागकर दैवत्व को समर्पित होना चाहते हैं।

देवदत्त पटनायक पेशे से एक डॉक्टर, लीडरशिप कंसल्टेंट, मायथोलॉजिस्ट, राइटर और कम्युनिकेटर हैं। उन्होंने मिथक, धर्म, पौराणिक कथाओं और प्रबंधन के क्षेत्र मे काफी काम किया है।