अपनी ट्रैवल डायरी में जोड़ें देश की ये 8 अनोखी जगहें

किसी ने कहा है कि दुनिया घूमना, देखना, दुनिया को परखना, दुनिया को जानना, दुनिया से सीखना तभी संभव है, जब आप यात्रा करते हैं। ट्रैवल करने से हमें प्राकृतिक सुखों की अनुभूति होने के साथ-साथ, अलग-अलग जगहों की संस्कृति और इतिहास को भी समझने का मौका मिलता है।

ट्रैवल या यात्रा करना सिर्फ घूमना और मस्ती करना ही नहीं है बल्कि सीखने की एक प्रक्रिया है। यात्रा करने पर हम नए-नए लोगों से मिलते हैं और नए समाज और संस्कृति के बारे में समझते हैं। देश-दुनिया को समझने का एक बहुत ही अच्छा तरीका है ट्रैवल करना। यात्रा करने का प्रचलन बहुत पुराने समय से आ रहा है। पहले के समय में राजा यात्रियों को फंडिंग किया करते थे ट्रैवल करने के लिए, जिससे वो नई-नई चीज़ें सीख कर आएं और फिर उसे राज्य में लागू किया जा सके। लेकिन, आज के इस भाग-दौड़ भरी दुनिया में लोग सुकून पाने के लिए यात्रा करते हैं।

किसी ने कहा है कि दुनिया घूमना, देखना, दुनिया को परखना, दुनिया को जानना, दुनिया से सीखना तभी संभव है, जब आप यात्रा करते हैं। ट्रैवल करने से हमें प्राकृतिक सुखों की अनुभूति होने के साथ-साथ, अलग-अलग जगहों की संस्कृति और इतिहास को भी समझने का मौका मिलता है।

कोई भी इंसान जीवन में खुश रहन के लिए क्या कुछ नहीं करता है, ट्रैवल करना उन्हीं सुखों की ओर बढ़ते कदम की पहली कड़ी है। तो चलिए सोलवेदा हिंदी के इस आर्टिकल में हम आपको विश्व पर्यटन दिवस (World Tourism Day) के अवसर पर बताएंगे कि यात्रा करने का महत्व और साथ में भारत की 8 ऐसी जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आपको ज़रूर घूमना चाहिए।

भारतीय पर्यटन दिवस कब मनाया जाता है? (Bhartiya Paryatan Divas kab manaya jata hai?)

पूरी दुनिया में हर साल 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य मकसद है, लोगों को पर्यटन को लेकर जागरूक करना। इस दिन को मनाने की शुरुआत 27 सितंबर 1980 को हुई थी। इसके बाद से हर साल इस दिवस को मनाया जाता है। विश्व पर्यटन दिवस मना कर दुनिया को बताया जाता है कि पर्यटन का कितना महत्व है। इससे केवल देशों के आर्थिक मूल्य ही प्रभावित नहीं होते हैं बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक मूल्य भी प्रभावित होते हैं।

भारतीय पर्यटन दिवस कब मनाया जाता है? (Bhartiya Paryatan Divas kab manaya jata hai?)

भारत में विश्व पर्यटन दिवस तो मनाया ही जाता है। साथ ही यहां नेशनल पर्यटन दिवस भी मनाया जाता है। भारत में नेशनल टूरिज्म डे 25 जनवरी को हर साल मनाया जाता है। इस दिन को मनाने की शुरुआत 1948 में हुई थी। नेशनल टूरिज्म डे मनाने का मुख्य मकसद है, भारत में मौजूद पर्यटन स्थलों का देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रचार करना, जिससे यहां लोग आएं और भारतीय समाज और संस्कृति से रूबरू हो पाएं। भारत में विश्व पर्यटन दिवस और नेशनल पर्यटन दिवस दोनों मनाया जाता है।

भारत के 8 डेस्टिनेशन, जिसे आप अपनी ट्रैवल डायरी में जोड़ सकते हैं (Bharat ke 8 destination, jise aap apni travel diary mein jod sakte hain)

वाराणसी (Varanasi)

बनारस, जिसे काशी भी कहा जाता है और वाराणसी भी। यह शहर उत्तर प्रदेश में गंगा नदी के किनारे बसा हुआ है। कहा जाता है काशी, भगवान महादेव के त्रिशुल पर बसा हुआ है। मार्क ट्वेन ने इस शहर के बारे में लिखा है कि बनारस इतिहास से भी पुराना है, परंपरा से पुराना है, किंवदतों से भी पुराना है और जब इन सभी को मिला दिया जाए तो यह इनके संग्रह से भी दोगुना पुराना है। 

इस शहर के बारे में कहा जाता है कि विश्व के सबसे पुराने जीवित शहरों में से एक बनारस है। बनारस को मंदिरों का शहर भी कहा जाता है। साथ ही इसे भारत के धार्मिक राजधानी के रूप में भी जाना जाता है। बनारस को भगवान शिव की नगरी, दीपों का शहर, ज्ञान नगरी भी कहा जाता है। बनारस गंगा नदी के किनारे बने घाटों के लिए भी फेमस है। यहां घूमने के लिए सबसे प्रमुख है काशी विश्वनाथ मंदिर, भारत कला भवन, संग्रहालय, रामनगर किला, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट सहित बहुत सारी जगह है। साथ ही कुछ ही दूरी पर सारनाथ है, जहां भगवान बुद्ध ने अपना पहला धर्मोपदेश दिया था। 

जयपुर (Jaipur)

राजस्थान में बसे जयपुर शहर को गुलाबी नगरी भी कहा जाता है। हालांकि, पूरे राजस्थान में कई टूरिस्ट प्लेस हैं, लेकिन इन सबमें खास है जयपुर। जयपुर राजस्थान की राजधानी भी है। यह शहर प्राचीन किलों और भवनों से भरा हुआ है। यहां का हवा महल और आमेर का किला पर्यटकों को सबसे ज़्यादा पसंद आता है। जयपुर को भारत के टूरिस्ट हब का प्रमुख स्थान माना जाता है। जयपुर में घूमने के लिए हवा महल, एम्बर कैसल, जयगढ़ किला, नाहरगढ़ किला, सिटी पैलेस, पिंक सिटी मार्केट, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, गलताजी, बिड़ला मंदिर, जल महल जैसे कई स्थान हैं। जयपुर की प्याज कचौरी, गट्टे की सब्जी, दाल-बाटी चूरमा और घेवर जैसे राजस्थानी फूड काफी फेमस हैं। 

जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir)

जम्मू-कश्मीर प्राकृतिक सुंदरता के लिए काफी फेमस है। यह भारत के सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक है। कश्मीर में बर्फ से ढके पहाड़ों, हरी घास के मैदानों, सुंदर झील और झरनों का खज़ाना है। जम्मू-कश्मीर में घूमने लायक स्थानों में पहलगाम, बेताब घाटी, भद्रवाही, युसमर्ग, गुलमर्ग, श्रीनगर, पुलवामा, सोमगर्म, डोडा, दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान, अरु घाटी, डल लेक, अनंतनाग और अमरनाथ जैसी जगहें हैं। यहां आप कश्मीरी व्यंजनों का भी लुत्फ उठा सकते हैं, जिसमें दम आलू, नादरू मोंजे, गोगजी भर्ता बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं। तस्वीरों में यादों को कैद करने के लिए इससे खूबसूरत जगह हो ही नहीं सकती है। 

आगरा (Agra)

उत्तर प्रदेश में यमुना नदी के किनार बसा है आगरा। आगरा में ही विश्व के सात आश्चर्यों में से एक ताजमहल है, जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया से लोग आते हैं। ताजमहल को शाहजहां ने यमुना नदी के किनारे मुमताज की याद में बनवाया था। आगरा अपने समृद्ध इतिहास और शानदार वास्तुकला के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है। आगरा में ताजमहल के अलावा यमुना के किनारे ही बना मेहताब बाग भी काफी आकर्षक है। इसके अलावा यहां आगरा का किला, अकबर का मकबरा, फतेहपुर सिकरी सहित कई अन्य जगह भी है। 

दार्जिलिंग (Darjeeling)

पश्चिम बंगाल में स्थित दार्जिंलिंग भारत में लंदन के नाम से भी फेमस है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। दार्जिलिंग की घाटियां, चाय बगान, और हिमालय के दृश्य यहां की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। यहां के चाय बगानों की सैर, हिमालयन ट्रेन की यात्रा और टाइगर हिल का सफर आपको एक अलग ही आनंद देगा। यहां के व्यंजन भी काफी फेमस हैं और काफी स्वादिष्ट हैं, जैसे-थुकपा, पारंपरिक नेपाली थाली, नागा व्यंजन, चुरपी, मोमोज, सेल रोटियां आदि। 

शिमला (Shimla)

प्राकृतिक सुंदरता और ब्रिटिश समय की विरासत के लिए शिमला काफी फेमस है। यहां का मौसम बहुत ही सुहावना रहता है। यहां चारों ओर सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता ही दिखती है। चारों ओर ऊंचे-ऊंचे पहाड़ आपको आनंदित कर देंगे। शिमला हिमाचल प्रदेश की राजधानी भी है। शिमला के पहाड़ियों में बाइकिंग, ट्रैकिंग और बर्फबारी का आनंद लेना एक खास अनुभव देता है। 

मनाली (Manali)

मनाली, हिमाचल में बसी एक खूबसूरत-सी जगह है, जहां हर कोई एक बार जाना चाहता है, यहां की प्राकृतिक सुंदरता को निहारने के लिए। मनाली को सर्दी के मौसम में घूमने के लिए सबसे मुफीद जगहों में से एक माना जाता है। हरे-भरे जंगलों और बर्फ से ढंके पहाड़ और नदियों से घिरा मनाली, भारत के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल में से एक है। यहां आप ट्रेकिंग भी कर सकते हैं। साथ ही पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और राफ्टिंग का भी आनंद ले सकते हैं। मनाली में आप पुराना मनाली, हिडिम्बा देवी मंदिर, भृगु झील, सोलांग घाटी, रोहतांग दर्रा, ब्यास कुंड ट्रैक, योगिनी झरना, राहला फॉल्स भी घूम सकते हैं। 

शिलॉन्ग (Shilong)

शिलॉन्ग भारत के मेघालय राज्य की राजधानी है। इसे पूर्व का स्कॉटलैंड भी कहा जाता है। ऐसा स्कॉटिश हाइलैंड्स के जैसे बादल वाले मौसम के कारण कहा जाता है। यह शहर हरे-भरे जंगलों, अद्भुत पहाड़ियां और झरनों से घिरा हुआ है। यहां आप तुंगरिबई, जादोह और मोमोज जैसे स्ट्रीट फूड का भी आनंद ले सकते हैं। शिलॉन्ग में घूमने के लिए हाथी झरना, शिलॉन्ग पीक, उमियाम झील, माउफ्लांग पवित्र वन, सोहपेटबिनेंग चोटी, लेडी हैदर पार्क जैसी खूबसूरत जगहें हैं। 

इस आर्टिकल में हमने आपको विश्व पर्यटन दिवस के बारे में बताया। साथ ही हमने भारत के 8 प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में भी बताया। यह जानकारी आपको कैसी लगी हमें कमेंट करके ज़रूर बताएं। साथ ही इसी तरह की और जानकारी के लिए पढ़ते रहें सोलवेदा हिंदी।