वक्त पर और पर्याप्त पानी पीने का असर

वक्त पर और पर्याप्त पानी पीने से शरीर में आएंगे ये 7 बदलाव

अगर आप को खाना खाने के बाद तुरंत ग्लास भरकर पानी पीने की आदत है, तो आज ही इसे बदल लीजिए। पूरे दिन समय-समय पर पानी पीते रहें, पर रात में ज़्यादा पानी न पिएं।

मई से शुरू होकर सितंबर तक, पूरे चार महीने गर्मी अपने चरम पर रहती है। ऐसे में बढ़ता तापमान शरीर के तापमान को भी बढ़ा देता है, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन, डायरिया और बहुत से पेट के रोग होने का खतरा बढ़ जाता है। इस खतरे को कम करने के लिए पानी पीना बहुत ज़रूरी है। सिर्फ पानी पीना ही नहीं, बल्कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत ज़्यादा ज़रूरी है। पानी पीने में कंजूसी बिल्कुल न करें। पानी हमारे शरीर के लिए ये वैसा ही है, जैसा गाड़ी के लिए पेट्रोल यानी बहुत ही ज़रूरी। चलिए सोलवेदा के साथ आज जानते हैं कि सही मात्रा में और समय पर पानी पीने से शरीर में होने वाले फायदों के बारे में।

शारीरिक स्वास्थ्य के लिए पानी है ज़रूरी (Importance of water for your body)

शारीरिक स्वास्थ्य (Physical Health) के लिए पानी पीना बहुत ज़रूरी है। पानी में H2O होता है, ये तो हम बचपन से ही पढ़ते आ रहे हैं। H2O जो ऑक्सीजन और हाइड्रोजन का संगम है, जो न केवल हमारी प्यास बुझा कर हमारे गले को तर करता है, बल्कि हमारे शरीर में ऑक्सीजन की कमी को भी पूरा करता है। कहते हैं, इंसान कुछ दिन खाना खाए बिना ज़िंदा रह सकता है, पर पानी के बिना जीवित रहना बहुत मुश्किल है। पानी पीना शरीर के लिए बहुत ज़्यादा ज़रूरी है। पानी पीना पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। हम अगर सही मात्रा में पानी पिएं तो हम डिहाइड्रेशन, सिर दर्द और माइग्रेन जैसी बहुत सी बीमारियों से बच सकते हैं। पानी पीने से इसके अलावा बहुत से और भी सकारात्मक प्रभाव शारीरिक स्वास्थ्य (Physical Wellbeing in hindi) पर पड़ते हैं।

पानी पीने का सही वक्त क्या है? (Pani peene ka sahi waqt kya hai?)

पानी पीना ज़रूरी है, ये तो हमने जान लिया, पर पानी पीने का सही वक्त और सही मात्रा जानना भी हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बहुत ज़रूरी है। एक रिसर्च के अनुसार, हमें पूरे दिन में लगभग आठ ग्लास पानी तो पीना ही चाहिए। सुबह खाली पेट पानी पीना बहुत फायदेमंद होता है। ये सुनने में थोड़ा अजीब ज़रूर लगे, पर अगर आप सुबह बिना मुंह धोए पानी पीते हैं, तो इसके आयुर्वेद में बहुत से फायदे बताए गए हैं। नहाने से पहले पानी पीना भी पेट और चेहरे के लिए बहुत फायदेमंद होता है। खाना खाते वक्त और खाना खाने से तुरंत पहले और तुरंत बाद में पानी नहीं पीना चाहिए। अगर आप को खाना खाने के बाद तुरंत ग्लास भरकर पानी पीने की आदत है, तो आज ही इसे बदल लीजिए। पूरे दिन समय-समय पर पानी पीते रहें, पर रात में ज़्यादा पानी न पिएं। पानी हमेशा बैठकर पीना चाहिए, कभी भी खड़े होकर या लेटकर पानी न पिएं। इसके अलावा फ्रीज़ का ठंडा पानी पीने से भी बचना चाहिए। आप चाहे तो गुनगुना, सामान्य या फिर मटके का ठंडा पानी पी सकते हैं।

पानी पीने से आएंगे ये 7 बदलाव (Pani peene se aayenge ye 7 badlav)

यूं तो पानी पीना शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बहुत ज़रूरी है, पर इससे हमारे शरीर पर अनगिनत प्रभाव भी पड़ते हैं। तो चलिए जानते हैं, सही वक्त पर और पर्याप्त पानी से पीने से शरीर में कौन से 7 बदलाव देखने को मिलेंगे।

सिर दर्द होगा गायब 

अगर आपको माइग्रेन से संबंधित कोई भी समस्या है, तो अपनी जीवनशैली में पर्याप्त पानी की मात्रा को शामिल कीजिए। सही मात्रा में पानी पीने से माइग्रेन की समस्या बहुत हद तक खत्म हो जाती है।

चेहरा करेगा ग्लो

चेहरे को प्राकृतिक चमक देनी है, तो 7-8 ग्लास पानी पीना ज़रूरी है। पानी हमारे शरीर के विषैले तत्वों को मुत्राशय से बाहर निकाल देता है और त्वचा पर सकारात्मक असर डालता है।

पानी है नेचुरल माउथ फ्रेशनर

अगर आपको मुंह से अजीब सी महक आने की परेशानी है, तो फिक्र मत कीजिए। बस सही मात्रा में पानी पीना शुरू कर दीजिए। सुबह खाली पेट पानी पीने से मुंह में दुर्गंध पैदा करने वाले किटाणु मर जाते हैं। कुछ ही समय में आपको बेहतर परिणाम देखने को मिल जाएंगे।

वजन भी होने लगेगा कम

पर्याप्त पानी हमारे बढ़ते वजन को कम करने में मदद करेगा। इसके लिए खाना खाने से एक घंटे पहले एक गिलास पानी पीना ना भूलें। जब भी बाहर के जंक फूड या बहुत ज़्यादा तेल वाला खाना खाएं, तो अपनी बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए पानी के साथ नींबू और खीरे को भी शामिल कर लें।

रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी

आपको ये जानकर हैरानी होगी कि पानी पीना, हमारे शरीर को बीमारियों से लड़ने की शक्ति भी देता है। सही मात्रा में पानी का सेवन रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होगा।

बुढ़ापा जल्दी नहीं आएगा

खूब सारा पानी पीने से हमारी मसल्स मजबूत रहती है, जिससे झुर्रियां नहीं आतीं और हम लम्बे समय तक जवान बने रहते हैं।

लार अब नहीं करेगी परेशान

हम में से ज़्यादातर लोग ऐसे हैं, जिन्हें बोलते वक्त लार बहुत आती है। कभी-कभी लार से मुंह इतना ज़्यादा भर जाता है कि हम दूसरों के सामने शर्मिंदगी महसूस करते हैं। पर अब हम इस समस्या का सामना करने के लिए तैयार हैं। ज़्यादा पानी पीने से लार की समस्या गायब हो जाएगी।

याद रखें ज़रूरत से ज़्यादा पानी न पिएं क्योंकि ये आपकी किडनी पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। उम्मीद है आपको ये आर्टिकल उपयोगी लगा होगा। ऐसे ही और आर्टिकल पढ़ने के लिए सोलवेदा हिंदी से जुड़े रहें।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।