रीडर्स ब्लॉक

कहीं आप रीडर्स ब्लॉक के शिकार तो नहीं? इसे दूर करने के 6 तरीके जानें

राइटर्स ब्लॉक की तरह रीडर्स ब्लॉक भी पाठकों के लिए एक आम मुद्दा है। यहां तक कि पुस्तक प्रेमी भी अपने जीवन में कभी न कभी इसका अनुभव करते हैं।

जैसा कि आपको पता है किताबें, लेख, अखबार या पत्रिकाएं पढ़ना एक प्रकार का मानसिक व्यायाम है। पढ़ने से मानसिक स्वास्थ्य को तंदरुस्त रखा जा सकता है। बेहतर तरीके से लिखा गया एक उपन्यास आपकी कल्पनाओं को नई उड़ान दे सकता है, जबकि एक लेख आपको करंट अफेयर्स से अपडेट रखता है। हालांकि, कभी-कभार पढ़ना बोझिल लग सकता है। कभी-कभी तो किताब उठाने तक की इच्छा नहीं होती होगी। यदि आपने पढ़ने का मन बना भी लिया है, तो दिलचस्पी के साथ नहीं पढ़ पाते हैं। इस प्रकार के व्यवहार को रीडर्स ब्लॉक कहा जा सकता है। रीडर्स ब्लॉक यानी की पढ़ने की इच्छा होते हुए भी किताब में दिलचस्पी न आना। क्या आपने भी ऐसा कभी महसूस किया है?

राइटर्स ब्लॉक की तरह रीडर्स ब्लॉक भी पाठकों के लिए एक आम मुद्दा है। यहां तक कि पुस्तक प्रेमी भी अपने जीवन में कभी न कभी इसका अनुभव करते हैं। ऐसा ज्यादा पढ़ने, मानसिक थकान या किसी विषय को जोर देकर पढ़ने के कारण भी हो सकता है। कारण जो भी हो यह स्थिति आपको रीडर्स ब्लॉक में उलझा सकता है, जिससे शायद आपको निकलने में लंबा समय लग सकता है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, ऐसे कई तरीके हैं, जिससे रीडर्स ब्लॉक से बचा जा सकता है। नीचे दिए गए कुछ तरीकों को अपनाकर अपने पढ़ने की रुचि को आप फिर से जगा सकते हैं, जो इस प्रकार हैं।

कुछ हल्काफुल्का पढ़ें

ऐसी किताबें न पढ़ें जो बहुत मोटी और समझने में जटिल हो। यदि आप पुस्तक प्रेमी हैं और फिलॉसफी या साइंस पर लिखी किताबें पढ़ने के शौकीन हैं, तो आपको थोड़ा ब्रेक लेना चाहिए। आप अपना ध्यान कुछ सरल किताबों को पढ़ने में लगा सकते हैं। जैसे- छोटी कहानियों या उपन्यासों को पढ़ सकते हैं। जिसे पढ़ना और समझना आपके लिए आसान तो होगा ही, साथ में आप रीडर्स ब्लॉक के अनुभव से भी बच सकते हैं। यदि एक विषय पर आधारित किताबों को पढ़ कर आप ऊब गए हैं, तो सरल विषयों को पढ़ना एक बेहतर विकल्प हो सकता है।

ध्यान भटकने दें

कई पाठक किताबों की तुलना में ई-बुक पढ़ना ज्यादा पसंद करते हैं। ई-बुक्स किताबों का डिजिटल रूपांतरण है, जिसे आप स्मार्टफोन, लैपटॉप या टैबलेट जैसे गैजेट्स पर पढ़ते हैं। लेकिन ये गैजेट्स आपका ध्यान भंग भी कर सकते हैं। ऐसा तब हो सकता है, जब आपके गैजेट का नोटिफिकेशन बंद न हो। ऐसी स्थिति में इस बात की अधिक संभावना होती है कि आपका ध्यान ई-मेल, सोशल मीडिया मैसेज व नोटिफिकेशन भटका सकते हैं। जबकि इंटरनेट आपके पढ़ने में एक बेहतरीन भूमिका निभाता है। जैसे कि किसी नए शब्द या मुहावरे का अर्थ तुरंत इंटरनेट पर खोज सकते हैं। लेकिन यह भी आपका ध्यान भटकाने के लिए जिम्मेदार हो सकता है। गैजेट्स पर ऑफलाइन पढ़ना रीडर्स ब्लॉकिंग से बचने का एक अच्छा तरीका है। लेकिन कोशिश करें कि ई-बुक्स की जगह किताबें पढ़ें। यदि आपको ई-बुक पढ़ना ही है, तो मैसेज और फीड्स को स्क्रॉल करने से बचें।

नई विधा को आजमाएं

कभी-कभी एक ही विधा की किताबों को लगातार पढ़ने से भी रीडर्स ब्लॉक का अनुभव हो सकता है। यदि आप बतौर पुस्तक प्रेमी काल्पनिक कहानियों के फैन हैं और आपने एक महीने में उस शैली की 3-4 किताबें पढ़ ली हो। आप फिर से उसी काल्पनिक कहानियों की शैली पर आधारित किताब पढ़ने का मन बना रहे हैं, लेकिन आपका मन पढ़ने का नहीं है, तो इसे रिडर्स ब्लॉक कहा जा सकता है। ऐसी परिस्थिति में आपको एक अलग शैली की ओर रुख करना चाहिए। आप रोमांटिक उपन्यास, साइंस-फिक्शन या किसी दूसरी विधा की किताब पढ़ सकते हैं। नई विधाओं की पुस्तक पढ़ने से न सिर्फ आप रीडर्स ब्लॉक से छुटकारा पा सकेंगे, बल्कि साहित्य संबंधी अन्य जानकारियां भी पा सकेंगे।

ऑडियोबुक सुनें

आजकल ऑडियोबुक्स युवाओं की नई पसंद है। इसको सुनने के कई फायदे हैं। ऑडियोबुक न केवल सुविधाजनक हैं, बल्कि यह आपकी शब्दावली, बोल-चाल प्रवाह और रचनात्मकता को निखारने में मददगार साबित हो सकते हैं। ऑडियोबुक सुनने से समय की बचत तो होती है और किताब को समझने में भी मदद मिलती है। यदि आप पुस्तक प्रेमी हैं और ई-बुक्स या किताबें दोनों पढ़कर थक चुके हैं, तो ऑडियोबुक्स सुनना आपकी थकान को दूर कर सकता है, जिससे किताबों की तरफ आपकी रुचि दोबारा बढ़ सकती है।

मनपसंद किताबों को दोबारा पढ़ें

यदि आपको नई किताब पढ़ने में रुचि नहीं आ रही है, तो आप अपनी पुरानी मनपसंद किताब को फिर से पढ़ सकते हैं। कोई ऐसी किताब चुनें, जिसे आप बोर हुए बिना फिर से पढ़ सकें। आप एक ऐसी बुक उठा सकते हैं, जिससे आपने किताबों को पढ़ने की शुरुआत की हो या फिर पुस्तक प्रेमी बनने का सफर शुरू किया हो। जैसे कि परियों की कहानी, कॉमिक्स या कविताओं पर आधारित किताबें पढ़ सकते हैं। जब आप इस तरह की किताबों को दोबारा पढ़ना शुरू करते हैं, तो आपके पढ़ने की आदत फिर से विकसित हो सकती है, जिससे आप रीडर्स ब्लॉक का अनुभव करने से बच सकते हैं।

कॉमिक्स और ग्राफिक उपन्यास पढ़ें

कॉमिक्स और ग्राफिक उपन्यास पढ़ना हमेशा एक मज़ेदार अनुभव होता है। जब कभी आप रीडर्स ब्लॉक का अनुभव करें, तो कॉमिक बुक या ग्राफिक उपन्यास पढ़ सकते हैं। क्योंकि, चित्रों के साथ शब्दों को पढ़ने से आप मानसिक तौर पर प्रेरित महसूस करते हैं। इन कॉमिक्स या उपन्यास के चित्र कहानियों को जीवंत तो बनाते ही हैं और साथ ही आपकी रचनात्मक सोच को विकसित भी करते हैं। इसके अलावा, कला और अक्षरों का संयोजन उस किताब के सार को याद रखने के साथ कलात्मक कल्पना को भी बढ़ावा देता है।

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।