15 पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स

ज़िंदगी को पॉजिटिव बनाने के लिए पढ़ें 15 पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स

छोटी-छोटी बातों पर बहुत ज़्यादा विचार करना और उसके बारे में बुरा-बुरा सोच कर खुद को परेशान कर लेना तो जैसे हमारी आदत बन गई है। हम हर छोटी-छोटी बात पर परेशान होते और शिकायत करते नज़र आते हैं।

सकारात्मक सोच या पॉजिटिव थिंकिंग का मतलब है, अपनी सोच में अच्छे और सुलझे विचारों को जगह देना। आज कल दुनिया में नकारात्मकता बहुत बढ़ गई है। छोटी-छोटी बातों पर बहुत ज़्यादा विचार करना और उसके बारे में बुरा-बुरा सोच कर खुद को परेशान कर लेना तो जैसे हमारी आदत बन गई है। हम हर छोटी-छोटी बात पर परेशान होते और शिकायत करते नज़र आते हैं।

अब जो हुआ ही नहीं या जो हो सकता है, उसे सोच कर परेशान होना तो ठीक नहीं है। हालांकि, अगर आपको ‘जो होने वाला है’ उसके बारे में सोचना ही है, तो उसे सोचने का तरीका बदल लीजिए। बुरा होने की कल्पना से बाहर आकर कुछ बेहतर या बढ़िया होने के बारे में सोचिए। अच्छा-बुरा और दुख-सुख तो जीवन में लगे ही रहते हैं, पर हमें उनका सामना करना पड़ता है और हिम्मत नहीं हारनी होती है। खुद को मजबूत बनाए रखना होता है। इससे ही जीवन को नई दिशा मिलती है।

चिंताओं और तनाव से दूरी बनाकर, खुश रहने के लिए अपनी सोच को पॉजिटिव बनाना बहुत ज़रूरी है। हमारी सोच को पॉजिटिव बनाने में पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स (Postitive Thinking Quotes) बहुत मदद करते हैं। इस आर्टिकल में हम आपके लिए लेकर आएं हैं, कुछ पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स।

ज़िंदगी में सकारात्मकता लाने के लिए पढ़ें पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स (Zindagi mein sakaratmakta laane ke liye padhein Positive Thinking Quotes)

आज का ज़माना सोशल मीडिया का ज़माना है। सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफॉर्म को स्क्रॉल करते हुए आपको कई कोट्स नज़र आ जाएंगे। कुछ कोट्स हमें मोटिवेशन देते हैं तो कुछ कोट्स हमारी सुबह को खुशनुमा बनाते हैं। बचपन से लेकर बड़े होने तक हमने कभी किताबों में तो कभी बड़े लोगों की बातों में, कभी फिल्मों में तो कभी रेडियो पर न जाने कितने कोट्स सुने हैं। आज सबसे ज़्यादा कोट्स हम सोशल मीडिया पर पढ़ते हैं। इन कोट्स में से अगर कुछ को भी हम अपनी ज़िंदगी में शामिल कर लें तो हमारी ज़िंदगी पहले से कहीं अधिक पॉजिटिव बन जाएगी।

सोलवेदा के माध्यम से हम आपके साथ कई कोट्स शेयर करते रहते हैं, जो ज़िंदगी के अलग-अलग मोड़ पर आपके काम आ सकते हैं। आज हम आपके साथ शेयर करेंगे कुछ पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स, जो आपकी ज़िंदगी को बनाएंगे और भी अधिक पॉजिटिव।

परेशानियां तो सबके जीवन में आती हैं,
पर एक वक्त के बाद वो भी चली जाती हैं।

अक्सर ऐसा होता है कि हमारी ज़िंदगी में परेशानियों के बढ़ने से हम परेशान हो जाते हैं। मुश्किलें हमें किसी पहाड़ सी लगने लगती हैं और हम उसका हल ढूंढने के लिए बेचैन हो जाते हैं। कई बार तो हमें परेशानियां इतनी बड़ी लगती हैं, मानो वो हमारे ज़िंदगी से कभी जाएंगी ही नहीं। मगर खुद सोचकर देखें क्या ऐसा सच में होता है? नहीं! ऐसा कभी नहीं होता। ‘आना और जाना’ ज़िंदगी की छोटी सी परिभाषा है। जो गम आज है और वो कल ज़रूर जाएगा। इसलिए किसी भी परेशानी के आने पर हिम्मत से काम लें। आपकी हिम्मत और वक्त, उस परेशानी को आपकी ज़िंदगी से बाहर निकालने में मदद करेंगे।

जीवन सुख-दुख का संगम ही तो है,
हमें बस हमेशा धैर्य बनाए रखने की ज़रूरत होती है।

अगर सुख है तो दुख भी होगा, इसी का नाम तो ज़िंदगी है। अक्सर हम खुशी में अधिक खुश हो जाते हैं और गम में अधिक दुखी। हमें हमेशा ये याद रखने की ज़रूरत है कि खुशी और गम दोनों में धैर्य से काम लेना चाहिए। अगर धैर्य होगा तो आप सुख में खुद को नियंत्रित रख पाएंगे और दुख में खुद को हिम्मत दे पाएंगे।

फूलों की तरह महकते और
चिड़ियों की तरह चहकते रहिए।

हमेशा हमें खुश रहने की कोशिश करनी चाहिए। जिस तरह फूल कभी महकना नहीं छोड़ते और चिड़िया कभी चहकना नहीं छोड़ती, उसी तरह हमें कभी भी खुश रहना नहीं छोड़ना चाहिए। गम में भी मुस्कुराने वाले, गम से जल्दी बाहर निकल पाते हैं।

खुद पर यकीन रखें,
हर जंग में जीत हासिल होगी।

इस पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स में ‘जंग’ का अर्थ हमारी ‘ज़िंदगी’ है। हमारी ज़िंदगी में हमें कई तरह की लड़ाईयां लड़नी पड़ती हैं। कई बार हम छोटी-बड़ी लड़ाई का समाना करते वक्त अपनी हिम्मत खो देते हैं। लेकिन, अगर हम खुद पर यकीन रखें तो हम ज़िंदगी की हर जंग को जीत सकते हैं।

मुस्कुराहट को आदत बना लें,
ज़िंदगी और भी खूबसूरत लगने लगेगी।

कितना अच्छा लगता है न, जब हम घर से बाहर कदम रखते हैं और कोई हमें मुस्कुरा कर मिलता है या फिर जब ऑफिस पहुंचते हैं तो सारे कलीग मुस्कुरा का हमारा स्वागत करते हैं। मुस्कुराहट हर मर्ज़ की दवा है। हम अपनी मुस्कुराहट से खुद का और दूसरों का दिल भी हल्का कर सकते हैं।

नाराज़ होकर कुछ नहीं मिलता,
माफी मांग लेना और माफ करना सीख लें।

माफी मांगना और माफ कर देना दोनों ही हिम्मत की बात है। ज़िंदगी का कुछ पता नहीं होता, आज है कल नहीं। इसीलिए छोटी-मोटी बातों पर नाराज़ रहकर कुछ हासिल नहीं होने वाला। ज़िंदगी मिली है तो समय पड़ने पर माफी मांग लें और ज़रूरत पड़ने पर माफ कर दें। बस इतने से काम से ज़िंदगी काफी खूबसूरत लगने लगती है।

जो बीत गया है, उसे वहीं छोड़ कर,
आगे जो खूबसूरत जीवन है, उसके बारे में सोचें।

पीठ पर अगर 10 किलो की गठरी लाद दी जाए और कहा जाए ज़िंदगी भर उसे ढोने को, तो क्या हम कर पाएंगे? नहीं! क्योंकि मुश्किल है हमारे शरीर के लिए इतना भार उठा पाना। जब हमारा शरीर ये नहीं कर सकता तो फिर हम मन से कैसे उम्मीद कर लेते हैं कि वो पुरानी बातों का बोझ ज़िंदगी भर उठा सकता है। इसीलिए जो बीत गया, उसे बीते समय में ही छोड़ दें। आगे लंबा जीवन है, बिना किसी बोझ के उसे जीने की कोशिश करें।

हम सब में बहुत बुराइयां हैं,
पर ध्यान देने वाली बात तो अच्छाइयों में है।

कमी या बुराई किसमें नहीं है! हां, बेशक हमें उनपर काम करना चाहिए। लेकिन, अगर हम सिर्फ अपनी कमियों की ही गिनती करने लगे तो ज़िंदगी में कभी आगे नहीं बढ़ पाएंगे। इससे हमें निराशा होगी और हमारा आत्मविश्वास भी कम होगा। तो अपनी बुराइयों पर काम ज़रूर करें, मगर उन्हें अपनी ज़िंदगी पर बुरा प्रभाव न डालने दें।

हार जाने का डर, जीत जाने की खुशी से बड़ा नहीं होता,
जीत हासिल करके डर को भी डराया जा सकता है।

ये पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स ज़िंदगी के कई मोड़ पर आपके काम आ सकते हैं। सच में हमें कितना डर लगता है न, ज़िंदगी में पीछे रह जाने से, हार जाने से या फिर कुछ भी हासिल न कर पाने से। मगर, जब हम जीतते हैं, आगे बढ़ते हैं, काफी कुछ हासिल कर लेते हैं, तो हम खुशी से झूम उठते हैं। ये खुशी हमारे पुराने से डर से काफी बड़ी होती है और आने वाले डर का सामना करने के लिए हमें तैयार कर सकती है।

किसी कैनवास पर रंग बिखेरना या कोई गाना गुनगुनाना,
आपको पॉजिटिविटी से भर देता है।मन तब ज़्यादा पॉजिटिव रहता है, जब हम अपना पसंदीदा काम करते हैं। जब भी आप लो फील करें तो अपने पसंद का कोई काम करें जैसे पेंटिंग करना, गाना गाना, खाना बनाना आदि। ऐसे काम को करने से मन काफी शांत होता है और ज़िंदगी में पॉजिटिविटी आती है।

मुस्कुराहट आपका सबसे बड़ा गहना और हथियार है,
इसे अपने होंठों से कभी हटने मत दीजिए।

जो लोग आपको बुरा कहते हैं, अगर उनकी बातें सुनकर आप मुस्कुरा दें, तो उनके लिए ये किसी हथियार के आक्रमण की तरह काम करेगा। वहीं, अगर आप मुस्कुराते रहते हैं तो अपने साथ-साथ अपने आस-पास के लोगों भी खुश रखेंगे। हंसता हुआ चेहरा हमेशा प्यारा लगता है और मन के घाव को भर सकता है।

कल की फिक्र में,
आज को ज़ाया करना कोई समझदारी नहीं है।

अगर आज का दिन हम यही सोचते रहें कि कल का क्या होगा तो फिर हमारा आज एक बीता हुआ कल बन जाएगा। एक ऐसा बीता हुआ कल, जिसमें हमने फिक्र के सिवा कुछ नहीं किया। हमें कल के लिए, आज खुद को तैयार ज़रूर करना चाहिए, मगर कल की चिंता में आज को बेकार नहीं जाने देना चाहिए। चिंता या तनाव पूरी ज़िंदगी को खराब कर सकता है।

परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों,
सामना करने वाले ही बहादुर होते हैं।

परिस्थितियां अगर खराब हों और हम उनसे डरकर भाग जाएं, तो हम ज़िंदगी में कभी भी आगे बढ़ नहीं पाएंगे। जैसे-जैसे ज़िंदगी के सफर में हम आगे बढ़ते हैं, बुरी से बुरी परिस्थितियां हमें घेर सकती हैं। लेकिन, इन परिस्थितियों का सामना करने वाले ही आगे जाते हैं और बहादुर कहलाते हैं।

मुश्किलें भी हल हो जाती हैं,
पर पहले खुद को शांत रखना होता है।

हम इंसानों की आदत है, मुश्किल घड़ी के आते ही बेचैन हो जाने की। मुश्किल घड़ी दलदल के जैसी होती है, हम जितना हाथ-पैर मारेंगे, उतना ही दलदल के अंदर जाते चले जाएंगे। ऐसे वक्त में शांति के साथ काम लेना चाहिए। हमारी शांति और सूझबुझ ही हमें मुश्किल घड़ी से बाहर निकाल सकती है।

कुछ अच्छी आदतें अपनाएं,
योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाएं।

योग और मेडिटेशन ज़िंदगी में गुरु की तरह होते हैं, जो हमें सही रास्ता दिखाते हैं। योग करने से मन अंदर से शांत होता है और तन बाहर से चमकता है। मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग और ध्यान करना बहुत ही आवश्यक है।

हम उम्मीद करते हैं कि ऊपर दिए पॉजिटिव थिंकिंग कोट्स को पढ़कर आपकी ज़िंदगी में पॉजिटिविटी ज़रूर आएगी। आर्टिकल पर अपना फीडबैक कमेंट बॉक्स में ज़रूर दें। ऐसे ही आर्टिकल्स पढ़ने के लिए सोलवेदा हिंदी से जुड़े रहें।

टिप्पणी

टिप्पणी

X

आनंदमय और स्वस्थ जीवन आपसे कुछ ही क्लिक्स दूर है

सकारात्मकता, सुखी जीवन और प्रेरणा के अपने दैनिक फीड के लिए सदस्यता लें।